हजारीबाग जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में छड़वा डैम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की पहल तेज हो गई है। इसी क्रम में उपायुक्त हेमंत सती ने छड़वा डैम परिसर का निरीक्षण कर प्रस्तावित विकास कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बोटिंग सुविधा, पार्क निर्माण, बहुउद्देशीय भवन और पार्किंग स्थल के लिए चिन्हित स्थानों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की विस्तृत रूपरेखा तैयार कर जल्द कार्य शुरू

करने का निर्देश दिया। मौके पर उपायुक्त ने नगर आयुक्त को डैम के क्षतिग्रस्त गेट की मरम्मत के लिए प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि छड़वा डैम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने से जिले में पर्यटन को नई पहचान मिलेगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार व स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे। निरीक्षण के दौरान कई प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

