बढ़ती महंगाई के बीच अब आम लोगों पर एक और बोझ बढ़ने वाला है। All India Transporters Welfare Association यानी AITWA ने माल ढुलाई के भाड़े में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इसका सीधा असर रोजमर्रा की चीजों की कीमतों पर पड़ सकता है। ट्रांसपोर्टरों के संगठन के मुताबिक, डीजल की बढ़ती कीमतों, टोल टैक्स, टायर और AdBlue की लागत बढ़ने के कारण यह फैसला लिया गया है। संगठन ने Fuel Adjustment Factor यानी FAF लागू किया है, जिसके तहत डीजल

की कीमत में हर 1 रुपये प्रति लीटर बढ़ोतरी पर फ्रेट रेट में 0.65 फीसदी की वृद्धि होगी। ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि सड़क परिवहन की कुल लागत में डीजल का हिस्सा करीब 65 फीसदी होता है। ऐसे में सब्जी, अनाज, दवाइयों समेत ट्रक से पहुंचने वाला लगभग हर सामान महंगा हो सकता है। वहीं कई ड्राइवरों ने डीजल की किल्लत और सीमित सप्लाई की भी शिकायत की है, जिससे माल ढुलाई और प्रभावित होने की आशंका है।

