पश्चिम बंगाल के झारग्राम में प्रधानमंत्री Narendra Modi को झालमुड़ी खिलाकर चर्चा में आए दुकानदार विक्रम साहू अब धमकियों से परेशान हैं। विक्रम का दावा है कि उन्हें पाकिस्तान और बांग्लादेश से लगातार धमकी भरे कॉल और वीडियो कॉल आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कॉल करने वाले उन्हें बम से उड़ाने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दे रहे हैं। दरअसल, विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी झारग्राम में एक जनसभा के बाद सड़क किनारे

विक्रम साहू की दुकान पर रुके थे और उनके हाथ की बनी झालमुड़ी खाई थी। इसके बाद विक्रम रातों-रात सोशल मीडिया पर वायरल हो गए और उनकी दुकान पर लोगों की भीड़ उमड़ने लगी। विक्रम साहू ने बताया कि अब अंतरराष्ट्रीय नंबरों से लगातार फोन आ रहे हैं, जिनमें गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि परिवार डर के साये में जी रहा है और प्रशासन से सुरक्षा की मांग की गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

