हजारीबाग में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। यह अभियान पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर के नेतृत्व में यातायात थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारियों और गृहरक्षकों की टीम के साथ जिले के विभिन्न इलाकों में चलाया गया। वाहन चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट चल रहे 74 वाहन चालकों, ट्रिपल लोडिंग करने वाले 30 लोगों, मोबाइल का इस्तेमाल करते हुए वाहन चला रहे 2 चालकों और बिना इंश्योरेंस के 6 वाहनों

का चालान काटा गया। वहीं 29 बिना हेलमेट वाहन चालकों से शपथ पत्र भरवाकर उन्हें चेतावनी देकर छोड़ा गया और सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा झील त्रिमूर्ति चौक, इंद्रपुरी चौक, झंडा चौक और पंच मंदिर चौक समेत कई जगहों पर वाहन जांच अभियान चलाया गया। मेन रोड पर नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर भी फाइन लगाया गया। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

