मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने दुनिया को बड़ी चेतावनी दी है। बीजिंग में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के साथ बैठक के दौरान जिनपिंग ने कहा कि अगर युद्ध नहीं रुका, तो दुनिया फिर से “जंगलराज” की ओर बढ़ सकती है। शी जिनपिंग ने कहा कि लगातार सैन्य कार्रवाई और लंबे समय तक चलने वाला युद्ध अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था और वैश्विक स्थिरता को कमजोर कर सकता है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि लड़ाई को रोकना बेहद जरूरी

है, वरना अंतरराष्ट्रीय नियमों और संतुलन पर गंभीर असर पड़ सकता है। बीजिंग में हुई इस उच्चस्तरीय बैठक में शी जिनपिंग और पुतिन ने मिडिल ईस्ट युद्ध, ऊर्जा सुरक्षा और वैश्विक राजनीति जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने दुनिया में दबदबे की राजनीति खत्म करने और अधिक संतुलित वैश्विक व्यवस्था बनाने की बात कही। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने भी कहा कि पिछले 25 वर्षों में रूस और चीन के रिश्ते लगातार मजबूत हुए हैं और दोनों देश कई साझा परियोजनाओं पर मिलकर काम कर रहे हैं।

