Hazaribagh में 23 मई से 23 जून तक विशेष “जल जांच अभियान” चलाया जाएगा। जिला प्रशासन और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से शुरू किए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित करना है।
उप विकास आयुक्त रिया सिंह ने बताया कि जिले के प्रत्येक गांव में कार्यरत जलसहियाओं को फील्ड टेस्ट किट यानी एफटीके उपलब्ध कराया गया है। इनके माध्यम से गांवों के घरों और पेयजल स्रोतों की जांच की जाएगी।

एफटीके के जरिए पानी में पीएच, फ्लोराइड, आर्सेनिक, नाइट्रेट, क्लोरीन, आयरन समेत कुल 10 प्रकार की जांच की जाएगी, ताकि जल की गुणवत्ता का आकलन कर जलजनित बीमारियों से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जलसहियाओं को जांच कार्य में सहयोग करें और अपने पेयजल स्रोतों की नियमित जांच कराएं। प्रशासन ने कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सकता है।

