जिले के गोपीनाथपुर गांव में विधि व्यवस्था को मजबूत करने को लेकर स्थायी पुलिस कैंप स्थापित करने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर शीघ्र स्थायी पुलिस कैंप स्थापित करने की मांग की है। जिला परिषद सदस्य ने बताया कि पहले भी कई बार उपायुक्त एंव पुलिस अधीक्षक को पत्र ग्रामीणों द्वारा दिया गया है, जिसकी जांच संबंधित विभाग द्वारा की जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं होने से ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बनी हुई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्थायी पुलिस कैंप स्थापित होने से

अपराधों पर अंकुश लगेगा, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी तथा गांव में शांति और सौहार्द का माहौल बनेगा। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जल्द से जल्द पुलिस कैंप स्थापित करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ हो सके। जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल ने प्रशासन से अपील की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस दिशा में त्वरित कदम उठाए जाएं।

