दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने और पर्यावरण को स्वच्छ बनाने के लिए हरियाणा सरकार ने बड़ा और सख्त फैसला लिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई हरियाणा कैबिनेट बैठक में ‘हरियाणा मोटर वाहन नियम, 1993’ में अहम संशोधनों को मंजूरी दी गई है। नए नियमों के तहत अब गुरुग्राम, फरीदाबाद समेत एनसीआर के इलाकों में डिलीवरी सर्विस

और ई-कॉमर्स कंपनियों के बेड़े में नई पेट्रोल और डीजल गाड़ियों को शामिल करने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। सरकार के मुताबिक, यह फैसला सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के दिशा-निर्देशों और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग यानी CAQM के आदेशों के अनुरूप लिया गया है। सरकार का मानना है कि इससे प्रदूषण कम करने और स्वच्छ परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

