हजारीबाग पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर रविवार को जिलेभर में विशेष वाहन जांच और जागरूकता अभियान चलाया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर, जिला परिवहन पदाधिकारी और मोटरयान विभाग की संयुक्त टीम के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले 99 वाहन चालकों का चालान काटा गया। वहीं ट्रिपल

लोडिंग करने वाले 32, मोबाइल इस्तेमाल करते पकड़े गए 6 और बिना इंश्योरेंस के 13 वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने 39 बिना हेलमेट वाहन चालकों से शपथ पत्र भरवाकर उन्हें यातायात नियमों का पालन करने की चेतावनी देकर छोड़ा। दूसरे चरण में डिस्ट्रिक्ट मोड़ पर जागरूकता अभियान चलाया गया, जहां पर्वतारोहियों और पुलिस टीम ने 55 वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट और ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक किया। पुलिस ने आगे भी ऐसे अभियान जारी रखने की बात कही।

