सिंचाई विभाग परिसर में कर्मचारियों का फूटा आक्रोश, अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार व तालाबंदी शुरू हजारीबाग स्थित सिंचाई विभाग परिसर में कर्मचारियों का आक्रोश आखिरकार सोमवार को फूट पड़ा। निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी के पिछले तीन माह से अनुपस्थित रहने के कारण कर्मचारियों का वेतन भुगतान लंबित है, वहीं तृतीय एवं चतुर्थ वर्गीय कर्मियों को दो वर्षों से प्रोन्नति लाभ नहीं मिल सका है। लगातार मांग उठाने के बावजूद विभागीय अधिकारियों द्वारा कोई ठोस निर्णय नहीं लेने तथा मामले में केवल लिपापोती किए जाने से नाराज कर्मचारियों ने सोमवार 18 मई 2026 को एग्यारह बजे से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार एवं तालाबंदी शुरू कर दी है।

कर्मचारियों का कहना है कि विभागीय उदासीनता के कारण वे आर्थिक और मानसिक परेशानी झेलने को मजबूर हैं। बार-बार आवेदन और आग्रह के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से कर्मियों में भारी रोष व्याप्त है। आंदोलनरत कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक लंबित वेतन भुगतान और प्रोन्नति लाभ पर स्पष्ट निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। यह आंदोलन झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के नेतृत्व में किया जा रहा है।

