उत्तर प्रदेश के हापुड़ से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। जहां तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर पलट गई, जिसमें भाजपा नेता समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि भाजपा नेता अपने दोस्तों के साथ बुलंदशहर में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार तेज रफ्तार में थी। एक मोड़ पर चालक संतुलन खो बैठा और कार सड़क पर कई बार पलटती हुई गड्ढे में जा गिरी।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को कार से बाहर निकाला गया। हादसे में भाजपा नेता और उनके एक साथी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं चौथे युवक का इलाज मेरठ मेडिकल कॉलेज में जारी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

