उत्तर प्रदेश से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर चलती बाइक में अचानक आग लग गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, अमरोहा के भोगपुरा गांव निवासी अजीत शुक्रवार रात बाइक से हापुड़ की ओर आ रहा था। तभी बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में बागड़पुर फ्लाईओवर के पास उसकी बाइक में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बाइक आग के गोले में बदल गई। बाइक सवार युवक खुद को बचाने की कोशिश करता

रहा, लेकिन वह गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। पुलिस टीम ने घायल युवक को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस दौरान बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हादसे के कारण दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कराया।

