ओड़िशा के कटक से स्वास्थ्य व्यवस्था को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक गंभीर मरीज की जान सिर्फ इसलिए चली गई, क्योंकि बीच रास्ते में एम्बुलेंस का पेट्रोल खत्म हो गया। जानकारी के मुताबिक, केंद्रपाड़ा जिले के रहने वाले एक युवक ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिसके बाद उसे इलाज के लिए SCB Medical College and Hospital में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे भुवनेश्वर के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों ने मरीज को ले जाने के लिए निजी एम्बुलेंस किराए पर ली। लेकिन कटक से भुवनेश्वर जाते समय

कठाजोड़ी नदी के पुल पर एम्बुलेंस अचानक बंद हो गई। जांच करने पर पता चला कि गाड़ी का पेट्रोल पूरी तरह खत्म हो चुका था। परिजनों का आरोप है कि युवक ऑक्सीजन सपोर्ट पर था और दूसरी गाड़ी का इंतजाम होने में काफी समय बर्बाद हो गया। इसी दौरान मरीज ने एम्बुलेंस के अंदर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। परिवार ने एम्बुलेंस ऑपरेटर और चालक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आपातकालीन सेवा में इस तरह की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

