हापुड़ में बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सियासत गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान ने नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव हैदरनगर नगोला पहुंचकर प्रभावित परिवार से मुलाकात की। विधायक अतुल प्रधान ने बुलडोजर कार्रवाई से प्रभावित अयूब सिद्दीकी के परिवार का हालचाल जाना और प्रशासनिक कार्रवाई पर नाराजगी जताई। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों और समर्थकों से भी बातचीत की। अतुल प्रधान ने कहा कि किसी भी प्रशासनिक कार्रवाई में कानून के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।

उन्होंने मामले को गंभीर बताते हुए जिलाधिकारी से फोन पर बात की और पूरे प्रकरण की जानकारी ली। गौरतलब है कि अयूब सिद्दीकी के मकान पर हुई बुलडोजर कार्रवाई के बाद इलाके में विरोध प्रदर्शन भी हुए थे। स्थानीय लोगों और सपा कार्यकर्ताओं ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी। विधायक ने कहा कि अगर कहीं अन्याय हुआ है, तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

