Nampally Railway Station पर शुक्रवार शाम हैदराबाद-जयपुर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन में अचानक आग लग गई। आग ट्रेन के थ्री-टियर एसी कोच B1 और B2 में लगी, जिससे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। यह ट्रेन हैदराबाद से जयपुर जाने वाली थी और उसका प्रस्थान समय शाम 7 बजे निर्धारित था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले एक कोच से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद दूसरी बोगी में भी आग फैल गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। तीन दमकल

इंजनों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोच में कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है। वहीं इसी दिन चेन्नई स्थित Tech Mahindra के परिसर में भी भीषण आग लगने की घटना सामने आई, जहां कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

