शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन से इंसानियत और मां की ममता की एक दिल दहला देने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां एक मां ने अपनी जान की परवाह किए बिना अपने दो बच्चों की जिंदगी बचा ली। बताया जा रहा है कि तीन महिलाएं दो बच्चों के साथ रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं। इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार ट्रेन आ गई। ट्रेन को बेहद करीब देखकर महिलाओं के पास संभलने का मौका नहीं मिला। तभी एक महिला ने सूझबूझ दिखाते हुए दोनों बच्चों को अपने नीचे दबा लिया और खुद पटरी पर लेट गई। ट्रेन उनके ऊपर से गुजर गई। इस दौरान दूसरी महिलाएं भी वहीं मौजूद थीं और उनकी

जान भी बच गई। हालांकि ट्रेन गुजरने के दौरान महिला घायल हो गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए भेजा गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग मां की बहादुरी और ममता की जमकर तारीफ कर रहे हैं। रेलवे प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक पार करते समय पूरी सावधानी बरतें और निर्धारित रास्तों का ही इस्तेमाल करें।

