Anant Singh की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हथियार लहराने के मामले में एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट ने उन्हें राहत देने से इनकार कर दिया है। शुक्रवार को हुई सुनवाई के दौरान जिला जज राजेंद्र पांडेय की अदालत ने अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी। अदालत ने मामले की केस डायरी भी तलब की है और अगली सुनवाई की तारीख 20 मई तय की है। बचाव पक्ष ने अदालत में दलील दी कि वायरल वीडियो में अनंत सिंह की कोई संलिप्तता नहीं है और यह मामला राजनीतिक साजिश के तहत दर्ज कराया गया है।

साथ ही वीडियो से छेड़छाड़ का आरोप भी लगाया गया। दरअसल हाल ही में Gopalganj में एक कार्यक्रम के दौरान हथियारों के प्रदर्शन और अश्लील नृत्य का वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मीरगंज थाने में FIR दर्ज की थी। इस मामले में अनंत सिंह समेत 9 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। बताया जा रहा है कि 2 मई को गोपालगंज के सेमराव गांव में आयोजित एक जनेऊ समारोह में अनंत सिंह का भव्य स्वागत किया गया था, जहां यह पूरा मामला सामने आया।

