झारखंड में मौसम लगातार करवट ले रहा है। बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के कारण राज्य के कई जिलों में 16 से 21 मई तक तेज आंधी, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 16 मई को राज्य के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। वहीं गढ़वा और पलामू जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में लू चलने के आसार

हैं। 17 मई को रांची, धनबाद, कोडरमा, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में तेज आंधी, वज्रपात और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 18 मई को भी कई जिलों में यही स्थिति बनी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। वहीं मेदिनीनगर के तापमान में 24 घंटे के भीतर पांच डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।

