नीट पेपर लीक मामले पर पाकुड़ में झामुमो छात्र मोर्चा का प्रदर्शन, केंद्रीय मंत्री का पुतला फूंका पाकुड़ में नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर Jharkhand Mukti Morcha छात्र मोर्चा ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। रविंद्र चौक पर छात्र मोर्चा जिलाध्यक्ष दासों मुर्मू के नेतृत्व में सैकड़ों छात्रों ने केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री का पुतला फूंककर आक्रोश जताया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम, जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली, केंद्रीय सदस्य श्याम यादव और सुनील टुडू समेत कई नेता मौजूद रहे। झामुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र

सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं। जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने कहा कि छात्र कड़ी मेहनत से परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत पर पानी फेर देती हैं। वहीं छात्र मोर्चा नेताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई के बीच अभिभावक मुश्किल से बच्चों को पढ़ा रहे हैं और बार-बार पेपर लीक से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

