महाराष्ट्र के सोलापुर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां जुनी मिल इलाके में कार में पटाखों से भरा बॉक्स रखते समय जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, एक व्यक्ति गन में इस्तेमाल होने वाले गंधक के पटाखों का बॉक्स कार की डिक्की में रख रहे थे। इसी दौरान बॉक्स

अचानक हाथ से छूटकर नीचे गिर गया और उसमें जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के वक्त आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में धमाके के बाद चारों तरफ धुआं फैलता दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद काफी देर तक कोई पुलिस अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

