New Delhi में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद राजधानी सरकार ने ईंधन बचत और ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए कई बड़े फैसलों का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने “मेरा भारत, मेरा योगदान” अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि देश की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए यह कदम जरूरी है। सरकार के अनुसार, 15 मई से अगले 90 दिनों तक सरकारी सेक्टर में सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम लागू किया जाएगा। साथ ही प्राइवेट सेक्टर के लिए भी एडवाइजरी जारी की जाएगी। सीएम ने बताया कि सरकारी वाहनों के पेट्रोल अलाउंस में 20 फीसदी की कटौती की गई है और हर सोमवार को “मेट्रो मंडे” के तहत मंत्री और अधिकारी मेट्रो से यात्रा करेंगे। इसके अलावा, यूनिवर्सिटी में नॉन-प्रैक्टिकल क्लास ऑनलाइन कराने और कोर्ट में ऑनलाइन सुनवाई को बढ़ावा देने

की अपील भी की गई है। ऑफिस टाइमिंग में भी बदलाव किया गया है—दिल्ली सरकार का कार्यालय सुबह 10:30 से 7 बजे तक और एमसीडी कार्यालय सुबह 8:30 से शाम 5 बजे तक संचालित होंगे। इसके साथ ही सरकार ने अगले 6 महीने तक नए वाहन खरीद पर रोक, बड़े पब्लिक इवेंट्स पर 3 महीने की पाबंदी और विदेश यात्राओं को सीमित करने जैसे कदम भी उठाए हैं। सीएम ने नागरिकों से सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” मनाने और माल ढुलाई में ट्रेन के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की है। साथ ही सभी सरकारी दफ्तरों में एसी 24 से 26 डिग्री के बीच रखने और मास्टर स्विच लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। यह पूरा अभियान देश में ऊर्जा बचत और सस्टेनेबल ट्रैवल को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

