बरेली में बुधवार को आए तेज चक्रवाती तूफान ने भारी तबाही मचा दी। अचानक बदले मौसम और तेज आंधी-बारिश से शहर और देहात दोनों इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो गया। कई जगह पेड़ उखड़ गए और बिजली के पोल गिरने से आपूर्ति बाधित हो गई। इसी दौरान एक निर्माणाधीन बारातघर में दर्दनाक हादसा हो गया, जहां नन्हे मियां टीनशेड के साथ हवा में उड़ गए। बताया जा रहा है कि तेज हवा के दौरान वह टीनशेड की रस्सी पकड़कर खुद को बचाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन तेज बवंडर में पूरा ढांचा ही उड़ गया और वह भी उसके साथ ऊपर उठ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के

मुताबिक कुछ ही सेकेंड में वह कई फीट हवा में पहुंच गए और बाद में दूर जाकर नीचे गिर पड़े। हादसे में उनका हाथ टूट गया और शरीर में चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है और हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने भी मामले का संज्ञान लिया है।

