मध्य प्रदेश के देवास जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। देवास के टोंककला क्षेत्र में गुरुवार को एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई, जिसके बाद फैक्ट्री में जोरदार धमाकों का सिलसिला शुरू हो गया। धमाकों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि आग लगते ही फैक्ट्री से धुएं का घना गुबार उठने लगा। लगातार हो रहे विस्फोटों के कारण आसपास के लोग डरकर अपने घरों से बाहर निकल आए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।

घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार अब तक 11 घायल अस्पताल पहुंच चुके हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं आशंका जताई जा रही है कि फैक्ट्री परिसर में अभी भी कई लोग फंसे हो सकते हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से फिलहाल किसी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल मौके पर राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच की जा रही है।

