हजारीबाग पुलिस का बड़ा अभियान, 100 ठिकानों पर छापेमारी, ब्राउन शुगर के साथ 2 गिरफ्तार Hazaribagh में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 12 और 13 मई की रात जिलेभर में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस अभियान में जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक और निरीक्षकों के नेतृत्व में 43 टीमों का गठन किया गया, जिसमें

118 पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। टीमों ने पिछले पांच वर्षों से मादक पदार्थों के कारोबार और सेवन में शामिल लोगों के करीब 100 ठिकानों पर छापेमारी की। अभियान के दौरान 77 संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए थाना लाया गया, जिन्हें चेतावनी देकर पीआर बॉन्ड पर छोड़ा गया। वहीं 32 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। हजारीबाग पुलिस ने कहा कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

