उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। मड़ियांव थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बेकाबू डंपर ने सड़क पर जमकर कहर बरपाया। तेज रफ्तार डंपर ने सर्विस लेन में घुसकर चार वाहनों और दो बाइक को रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में तीन की हालत गंभीर बनी हुई है।

हादसा इतना भयावह था कि एक बाइक सवार का पैर कटकर अलग हो गया, जिसे पुलिस ने करीब 45 मिनट बाद बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि डंपर हाईवे छोड़कर सर्विस लेन में घुस गया और महज तीन सेकंड में कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और यातायात विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।

