पंजाब के अबोहर से दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। यहां तेज रफ्तार पिकअप और ई-रिक्शा के बीच हुई जोरदार टक्कर में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज गति से आ रही पिकअप सड़क पर बने गड्ढे से टकराने के बाद बेकाबू हो गई और सामने से आ रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ई-रिक्शा के

परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग हवा में उछलकर दूर जा गिरे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

