उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले से इस वक्त की बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आ रही है। रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक शादी की खुशियां मातम में बदल गईं, जब बारातियों से भरी एक पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस भीषण हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज सोनभद्र मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर क्षेत्र के

सेमरीबांध से बारात रामपुर बरकोनिया जा रही थी, तभी कठार गांव के पास यह हादसा हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही जिला अधिकारी समेत कई प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

