मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डेम क्रूज हादसे को लेकर दायर याचिकाओं पर मंगलवार को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में अहम सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने कोर्ट को जानकारी दी कि हादसे की विस्तृत जांच के लिए रिटायर्ड जस्टिस संजय द्विवेदी की अध्यक्षता में एक जांच आयोग गठित कर दिया गया है। साथ ही प्रदेशभर में क्रूज और बोट क्लब संचालन पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। हाईकोर्ट ने राज्य सरकार के जवाब को रिकॉर्ड में लेते हुए तीनों याचिकाओं का निराकरण कर दिया और स्पष्ट किया कि अब जांच की पूरी जिम्मेदारी जांच आयोग के पास होगी। कोर्ट ने इस

दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और याचिकाकर्ताओं को जांच आयोग के समक्ष अपने तथ्य और पक्ष रखने की अनुमति भी दी। गौरतलब है कि बीते दिनों तेज आंधी और ऊंची लहरों के बीच बरगी डेम में क्रूज पलट गया था, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे। अब पूरे मामले की जांच आयोग करेगा और हादसे के कारणों के साथ-साथ जिम्मेदारों की भी पड़ताल की जाएगी।

