कैमूर जिले के भभुआ थाना क्षेत्र में उस वक्त हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक युवती अपने प्रेमी से शादी की मांग को लेकर मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। घंटों मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने युवती को सुरक्षित नीचे उतारा। बताया जा रहा है कि युवती पिछले तीन महीनों से अपने प्रेमी के साथ फरार थी। हाल ही में घर लौटने के बाद परिजन उस पर किसी दूसरे युवक से शादी करने का दबाव बना रहे थे। इससे नाराज होकर युवती भभुआ पहुंची और मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। युवती को टॉवर पर चढ़ा देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। काफी देर तक हाई

वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी समझाने के बाद प्रेमी से शादी कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद युवती टॉवर से नीचे उतरी। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रेम विवाह को लेकर परिवार के विरोध के बाद मोबाइल टॉवर पर चढ़ने जैसी घटनाएं अब लगातार सामने आ रही हैं। कुछ दिन पहले दुर्गावती में भी ऐसा ही मामला देखने को मिला था। स्थानीय निवासी संकटा सिंह ने बताया कि युवती काफी देर तक टॉवर पर चढ़ी रही, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।

