पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे राज्य में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच उत्साह का माहौल लगातार देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के तपसी अंचल अंतर्गत कुनुस्तोड़िया मोड़ स्थित भाजपा पार्टी कार्यालय का उद्घाटन जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी द्वारा फीता काटकर किया गया। कार्यालय उद्घाटन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय समर्थकों में भारी उत्साह देखा गया। कार्यक्रम स्थल पर भाजपा समर्थकों ने जमकर खुशी मनाई तथा एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया। इस दौरान उपस्थित लोगों के बीच झाड़मुड़ी और लड्डू का वितरण भी किया गया। उद्घाटन समारोह के दौरान भाजपा के समर्थन में नारों और उत्साहपूर्ण माहौल से गूंजता रहा। इस अवसर पर विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि कुनुस्तोड़िया मोड़ में भाजपा कार्यालय का उद्घाटन होना पार्टी के लिए बेहद खुशी और गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय क्षेत्र के

लोगों की समस्याओं के समाधान तथा पार्टी कार्यकर्ताओं के संगठनात्मक कार्यों का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने भाजपा पर जो विश्वास जताया है, उस विश्वास पर खरा उतरना पार्टी की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। राज्य में विकास, शांति और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए भाजपा सरकार जनता की उम्मीदों को पूरा करने का कार्य करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठित होकर जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और क्षेत्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी उपस्थिति देखने को मिली। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष पिनाकी राय, सिबराम मंडल, राजू मंडल, सुनील नोनिया, राजेश कोड़ा, राकेश गिरी, पंकज सिंह, टुमप्पा मंडल, राजन माझी, अजीत राम, अरुण प्रसाद, पियो बाउरी, सीमा सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।

