बिहार के सीतामढ़ी जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। बैरगनिया नगर परिषद क्षेत्र के अशोगी गांव में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से दो साल के मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्चा शनिवार सुबह घर के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान तेज गति से आई एक स्कॉर्पियो ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और परिजन बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने आरोप लगाया कि इलाके में तेज रफ्तार वाहनों पर प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं करता। आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो को घेर लिया और उसमें आग लगा दी। देखते ही देखते गाड़ी धू-धू कर जलने लगी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।

