धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर वर्ष 2017 के चयनित होमगार्ड अभ्यर्थियों का आक्रोश फूट पड़ा। नियुक्ति की मांग को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी धरने पर बैठ गए और सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। धरना दे रहे अभ्यर्थियों का कहना था कि चयन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद अब तक उन्हें नियुक्ति नहीं दी गई, जिससे उनका भविष्य अधर में लटक गया है। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि लगातार आश्वासन मिलने के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। धरना स्थल पर पहुंचे धनबाद महापौर संजीव सिंह ने अभ्यर्थियों की समस्याएं सुनीं और उनकी

मांग को जायज बताया। उन्होंने कहा कि चयनित युवाओं को इतने लंबे समय तक नियुक्ति से वंचित रखना दुर्भाग्यपूर्ण है। महापौर ने आश्वासन दिया कि वह संबंधित विभाग और अधिकारियों से बात कर मामले को गंभीरता से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं की उम्मीदों के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए और समाधान निकालने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरने के दौरान रणधीर वर्मा चौक पर काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।

