बाघमारा में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए BCCL एरिया-1, CISF और बरोरा पुलिस की संयुक्त टीम ने चिटाहीधाम स्थित 4A पैच में छापेमारी कर करीब 18 टन अवैध कोयला जब्त किया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध उत्खनन और कोयला तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं। संयुक्त टीम के पहुंचते ही कई धंधेबाज मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों के बीच यह भी चर्चा रही कि कार्रवाई से पहले ही इलाके में अचानक सन्नाटा क्यों छा

गया। सूत्रों के अनुसार चिटाहीधाम का 4A पैच अवैध खनन और कोयला तस्करी का सुरक्षित ठिकाना बन चुका था। अवैध उत्खनन के कारण इलाके में भू-धंसान और बड़े हादसों का खतरा भी बढ़ रहा था। कार्रवाई के दौरान टीम ने अवैध मुहानों की भराई भी कराई, ताकि दोबारा अवैध खनन शुरू न हो सके। जब्त कोयले को बीसीसीएल प्रबंधन के कब्जे में सौंप दिया गया है। लगातार हो रही छापेमारी से कोयला माफियाओं के बीच भय का माहौल है, जबकि स्थानीय लोग प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

