Dhanbad के भूली बी ब्लॉक स्थित Hanuman Temple में शुक्रवार सुबह तोड़फोड़ की घटना से हड़कंप मच गया। मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने हनुमान जी की प्रतिमा को खंडित अवस्था में देखा, जिसके बाद इलाके में भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने मौके पर मौजूद एक युवक को पकड़ लिया, जिसने पूछताछ में प्रतिमा तोड़ने की बात स्वीकार कर ली। गुस्साए लोगों ने युवक को मंदिर परिसर के पास खंभे से बांध दिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस युवक को हिरासत में लेकर थाना ले गई। उसकी पहचान रविंद्र कुमार के रूप में हुई है, जो भूली पंचवटी का निवासी बताया जा रहा है।

परिजनों के अनुसार, वह पिछले कई वर्षों से मानसिक बीमारी से पीड़ित है और उसका इलाज रांची मानसिक आरोग्यशाला में भी चल चुका है। मंदिर के पुरोहित ने आरोप लगाया कि युवक पहले भी कई बार मंदिर में घुसकर प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर चुका है। स्थानीय लोगों और मंदिर समिति ने प्रशासन से युवक का उचित इलाज कराने और मंदिर में नई प्रतिमा स्थापित कराने की मांग की है। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

