आसनसोल से एक बेहद गर्व की खबर सामने आई है। पश्चिम बंगाल माध्यमिक परीक्षा के घोषित परिणामों में आसनसोल के छात्र अभिषेक दास ने शानदार सफलता हासिल करते हुए राज्य की मेधा सूची में 10वां स्थान प्राप्त किया है। अभिषेक दास ने कुल 688 अंक हासिल किए हैं। खास बात यह रही कि उसने बांग्ला, जीवन विज्ञान और गणित विषय में 100 में 100 अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। अभिषेक रामकृष्ण मिशन आसनसोल का छात्र है और आसनसोल के शहीद सुकुमार पल्ली इलाके का निवासी है। उसके पिता असित दास एक निजी डिस्ट्रीब्यूटर के अधीन डिलीवरी का काम करते हैं, जबकि मां झूमा दास गृहिणी हैं। साधारण परिवार से आने वाले अभिषेक की इस उपलब्धि से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है। रिजल्ट घोषित होने के बाद से ही उसके घर पर बधाई

देने वालों का तांता लगा रहा। परिजनों और पड़ोसियों ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई। मीडिया से बातचीत में अभिषेक ने कहा कि अच्छे अंक आने की उम्मीद थी, लेकिन राज्य की टॉप-10 सूची में जगह मिलेगी, इसकी उम्मीद नहीं थी। उसने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और स्कूल के महाराजों को दिया। अभिषेक ने बताया कि वह नियमित पढ़ाई करता था और रात में पढ़ाई करना ज्यादा पसंद करता था। भविष्य में वह डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना चाहता है और इसके लिए उसने अभी से मेडिकल की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं बेटे की इस सफलता पर पिता असित दास ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी क्षमता के अनुसार बेटे की हर जरूरत पूरी करने की कोशिश की है और आगे भी करते रहेंगे। आसनसोल के इस होनहार छात्र की सफलता आज हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गई है।

