बड़ी खबर मिडिल ईस्ट से सामने आ रही है, जहां अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंचता दिखाई दे रहा है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तनातनी लगातार बढ़ रही है और अब हालात जंग जैसे बनते नजर आ रहे हैं। गुरुवार को ईरान और अमेरिका के बीच अचानक मिसाइल और ड्रोन हमले हुए। दावा किया जा रहा है कि ईरान ने अमेरिकी सेना के तीन युद्धपोतों को निशाना बनाते हुए जोरदार हमला किया। वहीं अमेरिका ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए ईरानी सैन्य ठिकानों पर हमला करने का दावा किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने ईरान को

चेतावनी देते हुए कहा कि अगर तेहरान जल्द समझौते पर हस्ताक्षर नहीं करता, तो अमेरिका भविष्य में और ज्यादा कठोर और हिंसक कार्रवाई करेगा। ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका अब भी समझौते के लिए तैयार है, लेकिन ईरान को जल्द फैसला लेना होगा। अमेरिकी सेना का कहना है कि उसके युद्धपोतों पर हुए हमले के बाद जवाबी सैन्य कार्रवाई की गई। फिलहाल पूरी दुनिया की नजरें स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर टिकी हैं, क्योंकि यहां बढ़ता तनाव वैश्विक सुरक्षा और तेल सप्लाई पर बड़ा असर डाल सकता है।

