पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, खासकर राजधानी कोलकाता में। कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय कुमार नंद ने प्रेस वार्ता कर लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर स्थिति पर नजर रख रही है और गड़बड़ी की कोशिश करने वालों पर तुरंत कार्रवाई होगी। कमिश्नर ने बताया कि न्यूटाउन इलाके में हुई घटना में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। यह मामला दो गुटों के आपसी टकराव का बताया जा रहा है, जिसमें कुछ हथियार भी बरामद किए गए हैं।

अब तक अलग-अलग जगहों से करीब 80 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने साफ किया है कि बिना अनुमति के कोई जुलूस नहीं निकाला जा सकता और जश्न के दौरान जेसीबी के इस्तेमाल पर भी सख्त प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा के मद्देनजर शहर में सीआरपीएफ की 65 कंपनियां और 240 क्विक रिस्पॉन्स टीमें तैनात की गई हैं, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। पुलिस का कहना है कि उनकी प्राथमिकता नागरिकों की सुरक्षा है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

