इस वक्त बड़ी खबर उत्तर प्रदेश के हमीरपुर से सामने आ रही है, जहां एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के बेतवा पुल पर मंगलवार दोपहर तिलक समारोह में शामिल होने जा रही मां-बेटे की बाइक को महोबा डिपो की रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में 55 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर नेशनल हाईवे जाम कर दिया और मुआवजे व दोषियों पर

कार्रवाई की मांग की। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद परिजनों को समझाकर जाम खुलवाया गया। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर वाहन को कब्जे में ले लिया है और मामले में कार्रवाई जारी है। एक ओर परिवार में तिलक समारोह की खुशियां थीं, लेकिन इस हादसे ने पूरे घर को गम में डुबो दिया है।

