झारखंड सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सारथी योजना के अंतर्गत राधा गोविंद शिक्षा स्वास्थ्य ट्रस्ट, हजारीबाग में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके विद्यार्थियों के बीच आज प्रमाणपत्रों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए। इस अवसर पर डीडीसी ने प्रशिक्षित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सारथी योजना राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ना है।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्राप्त कौशल का सदुपयोग करते हुए आत्मनिर्भर बनने तथा समाज के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में संस्था के राहुल प्रताप सिंह, जिला कौशल पदाधिकारी देव कुमार प्रसाद, सेंटर मैनेजर राज किशोर गोस्वामी सहित संस्था के सभी कर्मी एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ किया गया।

