इंग्लैंड में होने वाले महिला टी-20 विश्व कप से पहले भारतीय टीम का ऐलान हो गया है और इस टीम में चंडीगढ़ की तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा ने अपनी जगह बनाई है। 12 जून से शुरू होने वाले इस बड़े टूर्नामेंट के लिए चयनित होने पर नंदिनी को यूटी क्रिकेट एसोसिएशन ने सम्मानित किया। इस उपलब्धि पर उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि वह अभी भी थोड़ा नर्वस हैं और इस खास पल को कैसे

सेलिब्रेट करें, यह समझ नहीं पा रही हैं। नंदिनी ने बताया कि इस साल WPL में उनके प्रदर्शन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि दुनिया की टॉप खिलाड़ियों के साथ खेलने का अनुभव उनके लिए बेहद खास रहा और इससे उन्हें काफी कुछ सीखने को मिला। उन्होंने अपनी गेंदबाजी में सुधार और बढ़े आत्मविश्वास का भी जिक्र किया। नंदिनी का कहना है कि यह उनके करियर का बड़ा मौका है और वह भारतीय टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने की कोशिश करेंगी।

