इस वक्त बड़ी खबर उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर से सामने आ रही है, जहां तेज आंधी और बारिश के चलते जल जीवन मिशन के तहत बन रहा ओवरहेड टैंक क्षतिग्रस्त हो गया है। खुनियांव ब्लॉक के रामापुर विशुनपुर गांव में निर्माणाधीन स्टील बॉडी टैंक का ऊपरी हिस्सा तेज आंधी के कारण मुड़कर नीचे लटक गया, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक तेज आवाज

के साथ टैंक का हिस्सा झुका, जिससे आसपास मौजूद लोग घबरा गए। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई मजदूर मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत वाली जल जीवन मिशन योजना में ऐसी घटनाएं लोगों का भरोसा कमजोर करेंगी। वहीं सूचना मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

