उत्तराखंड के चमोली जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां दशोली विकासखंड की निजमुला घाटी में देर रात आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में एक दर्जन से अधिक भेड़पालकों की करीब 500 बकरियों की मौत हो गई, जिससे उन्हें लाखों रुपये का भारी नुकसान उठाना पड़ा है। बताया जा रहा है कि गौणा-भनाली तोक क्षेत्र में अचानक मौसम खराब

हुआ और इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से यह बड़ा नुकसान हो गया। पीड़ित भेड़पालकों का कहना है कि एक ही पल में उनकी सालों की मेहनत खत्म हो गई है और अब उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद इलाके में मायूसी का माहौल है। प्रशासन को सूचना दे दी गई है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

