उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से इस वक्त दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है, जहां सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कालपी कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-27 पर अयोध्या से दर्शन कर लौट रहे एक ही परिवार के लोग हादसे का शिकार हो गए। जोल्हूपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसी। इस भीषण टक्कर में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि ललितपुर के निवासी अपने परिवार के साथ अयोध्या से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ड्राइवर को नींद की झपकी आना बताई जा रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे लोग बुरी तरह फंस गए। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद घायलों और शवों को बाहर निकाला। घायलों को अस्पताल भेजा गया । फिलहाल 4 घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

