झारखंड के धनबाद से बड़ी और दर्दनाक खबर… भारत कोकिंग कोल लिमिटेड की मुनीडीह कोल वाशरी में बड़ा हादसा हो गया। शनिवार शाम करीब 5 बजे कोयले की स्लरी का 40 से 50 फीट ऊँचा ढेर अचानक ढह गया, जिसकी चपेट में आकर 4 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान मानिक बाउरी, दिनेश बाउरी, दीपक बाउरी और मइरा गोप के रूप में हुई है। ये सभी मजदूर ट्रक में स्लरी लोडिंग का काम कर रहे थे, तभी अचानक मलबा गिर गया और वे दब गए। हादसे के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन

किया। बताया जा रहा है कि प्रबंधन और प्रदर्शनकारियों के बीच सहमति बनी है, जिसके तहत हर पीड़ित परिवार को 20 लाख रुपये मुआवजा और एक आश्रित को संविदा नौकरी देने का आश्वासन दिया गया है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल—क्या इस हादसे को रोका जा सकता था? क्या सुरक्षा मानकों में लापरवाही ने चार जिंदगियां छीन लीं?

