हजारीबाग पुलिस ने बरही थाना क्षेत्र में हुए बैंक ऑफ महाराष्ट्र लूटकांड का सफल खुलासा कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। 24 अप्रैल को हथियार के बल पर अज्ञात अपराधियों ने बैंक से करीब 4 लाख 22 हजार रुपये नकद और लगभग 4 किलो सोना लूट लिया था। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसआईटी का गठन किया और सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी जांच के आधार

पर अपराधियों की पहचान की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य की तलाश जारी है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से 20 लाख रुपये नकद, 912 ग्राम सोना, मोबाइल फोन, वाहन और वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, अपराधियों ने पहले बैंक की रेकी की थी और योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

