दिल्ली-एनसीआर में मई की शुरुआत राहत भरी खबर लेकर आई है। भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को अब मौसम राहत देने वाला है। राजधानी में आज आसमान में बादलों का डेरा रहेगा और तापमान सामान्य के करीब बना रहेगा। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 3 और 4 मई को दिल्ली-एनसीआर में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना है। इस दौरान हवाएं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, जबकि झोंकों में इनकी गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

बारिश और तेज हवाओं की वजह से तापमान में गिरावट आएगी, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी। 4 मई तक अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि, तेज हवाओं और आंधी के चलते धूल भरी आंधी, विजिबिलिटी कम होने और पेड़ों की टहनियां टूटने का खतरा भी बना रहेगा। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। फिलहाल, दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए आने वाले दो दिन राहत और सावधानी—दोनों लेकर आने वाले हैं।

