नेपाल से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। पीएम बालेन शाह की नई सरकार ने सत्ता संभालते ही कई बड़े फैसले लेकर हलचल मचा दी है। भारत से 100 नेपाली रुपये से अधिक का सामान लाने पर कस्टम ड्यूटी लगाने के फैसले ने सीमा क्षेत्रों में विवाद खड़ा कर दिया। विरोध बढ़ने पर सरकार को इस फैसले में आंशिक राहत देनी पड़ी। इसी बीच, नेपाल में ईंधन की बढ़ती कीमतों के कारण बड़ी संख्या में नेपाली नागरिक भारतीय पेट्रोल पंपों का रुख कर रहे थे। लेकिन हाल के दिनों में भारत में कई पेट्रोल पंपों पर नेपाली नागरिकों को ईंधन देने से इनकार किए जाने की खबरें सामने

आई हैं। अब नेपाल ऑयल कॉर्पोरेशन ने आम जनता को राहत देते हुए पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती की है। नई दरें 30 अप्रैल से लागू हो गई हैं। जारी नोटिस के मुताबिक, पेट्रोल की कीमत में 2 रुपये प्रति लीटर की कमी की गई है, जबकि डीजल और केरोसिन 12 रुपये प्रति लीटर सस्ते किए गए हैं। नई कीमतों के अनुसार, पहली श्रेणी के क्षेत्रों में पेट्रोल अब 214.50 नेपाली रुपये प्रति लीटर और डीजल-केरोसिन 222.50 नेपाली रुपये प्रति लीटर मिलेगा। हालांकि, दूसरी ओर रसोई गैस यानी एलपीजी की कीमत में बढ़ोतरी कर दी गई है, जिससे आम लोगों को महंगाई का झटका भी लगा है। यानि, बालेन सरकार ने जनता को एक हाथ से राहत दी है, तो दूसरे हाथ से महंगाई का झटका भी दे दिया है।

