छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक बेहद हृदयविदारक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। तिल्दा-नेवरा के बहेसर गांव में एक 4 साल की मासूम बच्ची के साथ पड़ोस में रहने वाले 32 वर्षीय युवक ने दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं। जानकारी के मुताबिक, मासूम बच्ची अपने मामा के घर एक शादी समारोह में शामिल होने आई थी। इसी दौरान पड़ोस के रहने वाले आरोपी राजा वर्मा ने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद बच्ची की हालत बिगड़ने पर उसे तुरंत स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे AIIMS

रायपुर रेफर कर दिया है। इस जघन्य अपराध की खबर फैलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) के बाहर जमकर हंगामा किया और आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजा वर्मा को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है

