आम नागरिकों को सस्ती,सुलभ एवं स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सोलर अधिष्ठापन में तेजी लाने हेतु विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, भभुआ के प्रांगण में विद्युत विभाग एवं विभिन्न बैंकों के संयुक्त तत्वावधान में सोलर मेला सह लोन मेला का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी,नितिन कुमार सिंह उपस्थित रहे। मेले की विशेषता ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण सुविधा रही,जिसके माध्यम से इच्छुक उपभोक्ताओं ने तत्काल आवेदन कर योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया प्रारंभ की। विभिन्न अधिकृत वेंडर्स एवं एजेंसियों ने भाग लेकर उपभोक्ताओं को उपयुक्त सोलर समाधान उपलब्ध कराने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। विद्युत अधीक्षण अभियंता ई. इंद्रदेव कुमार ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत उपभोक्ताओं को अपने घरों की छत पर सोलर पैनल स्थापित करने पर सरकार द्वारा आकर्षक सब्सिडी प्रदान की जाती है,जिससे बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आती है। यह योजना उपभोक्ताओं के आर्थिक बोझ को कम करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत 1 किलोवाट पर 30000,2 किलोवाट पर 60000 तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर 78000 तक की सब्सिडी दी जाती है।

इसके अतिरिक्त, सोलर संयंत्र स्थापना हेतु बैंकों के माध्यम से लगभग 7 प्रतिशत की रियायती ब्याज दर पर 2 लाख तक का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि जिले में अब तक 115 उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि 256 उपभोक्ताओं के यहाँ सोलर अधिष्ठापन की प्रक्रिया प्रगति पर है। मेले में उन उपभोक्ताओं को भी सम्मानित किया गया,जिनका बिजली बिल शून्य यूनिट पर निर्गत हो रहा है। मेले में भाग लेने वाले स्थानीय वेंडरों ने आश्वस्त किया कि आवेदन प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत निर्धारित समय-सीमा के भीतर सोलर पैनलों का अधिष्ठापन सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही करारनामा अवधि के अंतर्गत 7 वर्षों तक निःशुल्क मरम्मत एवं रख-रखाव की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा अधिक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं को विशेष रूप से सोलर अपनाने हेतु प्रेरित किया जाए। उपभोक्ताओं से अपील की कि वे इस योजना का अधिकतम लाभ उठाएं और अपने घरों में सोलर अधिष्ठापन कर ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाएं।

