उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने 03 मई को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा के निष्पक्ष आयोजन को लेकर जिले के डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस एवं पाकुड़ पॉलिटेक्निक परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दोनों परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था एवं परीक्षा संचालन से संबंधित तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उपायुक्त ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि परीक्षा का आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण, नकल विहीन एवं पारदर्शी वातावरण में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, बिजली आपूर्ति,

पेयजल व्यवस्था तथा परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति की स्थिति की जांच की। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी या व्यवस्थागत समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से ही दुरुस्त रखी जाएं। उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए सहज, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे बिना किसी तनाव के परीक्षा दे सकें। उपायुक्त ने परिक्षार्थियों से अपील किया कि वे निर्धारित समय से पूर्व अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह सुनिश्चित की गई हैं, ताकि किसी भी परीक्षार्थी को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मौके पर परियोजना निदेशक, आईटीडीए, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़, कार्यपालक पदाधिकारी, अंचलाधिकारी पाकुड़ समेत अन्य उपस्थित थे।

